श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर जमकर झूमे श्रोता
शाहपुर में बह रही श्रीमद् भागवत कथा की बयार
शहडोल। श्री बालगोपाल जन कल्याण चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वाधान में संभागीय मुख्यालय से लगे ग्राम शाहपुर में 16 फरवरी से चल रहे संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्म का उत्सव उत्साह से मनाया गया। कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्म उत्सव के प्रसंग पर वहां उपस्थित श्रोता जमकर झूमे। कथा का श्रवण करने बड़ी संख्या में श्रोतागण पहुंच रहे हैं।
श्रीधाम वृन्दावन के कथावाचक पंडित अखिलकृष्ण जी महराज अपने मुखार बिन्द से कथा का रसपान श्रोताओं को करा रहे हैं। श्रीमद्भागवत कथा की शुरूआत16 फरवरी को कलश यात्रा के साथ हुई। तत्पश्चात पीठ पूजा के साथ कथा का शुभारंभ हुआ। कथाव्यास पंडित अखिलकृष्ण महाराज द्वारा अब तक कथा में श्रीसुखदेव जन्म, परिक्षित जन्म,सृष्टि विस्तार, हिरण्याक्ष वध, कपिलोपाख्यान, सती चरित्र, ध्रुवचरित्र, पुरन्जनोपाख्यान व प्रहलाद चरित्र का वर्णन श्रोताओं को झांकियो के माध्यम से रसपान कराया जा चुका है।
शाहपुर (पाली)में आयोजित कथा में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग पर बड़ी संख्या में गाॅव तथा आस-पास के महिलाएं-पुरुष श्रोता कथा का श्रवण करने पहुॅचे। श्रीमद् भागवत कथा मेें अगला प्रसंग गजेन्द्र मोक्ष, वामन अवतार, श्रीकृष्ण की बाल लीलाए, माखनचोरी,गोर्वधन पूजन का होगा।कथा में 22 फरवरी को कंश वध, रूकमणि विवाह, 23 फरवरी को सुदामा चरित्र,नवयोगेश्वर संवाद,चढ़ोत्री के साथ 24 फरवरी को हवन पूर्णाहुति एवं भंडारा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का विश्राम हो जाएगा।। श्रीमद् भागवत कथा आयोजन समिति के मनोज मिश्र, रामसुशील मिश्रा,मोहनलाल शर्मा, सुरेंद्र मिश्रा, विकास मिश्रा, मुकेश तिवारी,अमित मिश्रा, रमाशंकर मिश्र के साथ समिति के लोगों ने अधिक से अधिक धर्म प्रेमियों से कथा का श्रवण करने की अपील की है।

