14 जनवरी से आयोजित होगा बाणगंगा मेला
कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा
शहडोल। (दीपक केवट ) संभागीय मुख्यालय शहडोल के विराट मंदिर क्षेत्र में प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी 14 जनवरी मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर 5 दिवसीय विशाल बाणगंगा मेले का आयोजन संभागीय मुख्यालय शहडोल के बाणगंगा मैदान में होगा, जिसकी तैयारियो के संबंध में कलेक्टर श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज विशेेष बैठक का आयोजन कलेक्टर सभागार में किया गया। बैठक में अध्यक्ष नगरपालिका श्रीमती उर्मिला कटारे, उपाध्यक्ष नगरपालिका कुलदीप निगम सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि 14 जनवरी को बाणगंगा मैदान में मकर संक्रांति मेला आयोजित किया जायेगा। मेले का आयोजन नगरपालिका शहडोल द्वारा किया जायेगा। मेले का उद्घाटन 14 जनवरी को परम्परागत् रूप से किया जायेगा। मेला स्थल का निरीक्षण कार्यपालन यंत्री मध्यप्रदेश विद्युत मण्डल शहडोल, मुख्य नगरपालिका अधिकारी शहडोल, स्थानीय पार्षद, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग शहडोल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहडोल द्वारा संयुक्त रूप से मेला स्थल का ले-आउट नक्शे में तैयार कर प्रस्तुत करेंगे।
कुण्ड की साफ-सफाई के साथ चेंजिग रूम की व्यवस्था किया जायेगा
मेले के पूर्व 10 जनवरी तक पुलिस अधीक्षक शहडोल के साथ कलेक्टर द्वारा स्थल का निरीक्षण किया जायेगा। मकर संक्रांति पर्व पर मंदिर के सामने कुण्ड में महिलाओं एवं पुरूषों के स्नान करने के लिये एवं वस्त्र धोने के पृथक-पृथक व्यवस्था एवं कुण्ड की साफ-सफाई के साथ चेंजिग रूम की व्यवस्था एसडीएम सोहागपुर एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी शहडोल को सौंपी गई है। स्नान के समय मेले में दुर्घटना से निपटने के लिये आवश्यक संख्या में तैराकों की व्यवस्था जिला सेनानी होमगार्डस शहडोल को सौंपा गया है। मेले में महिलाओं एवं पुरूषों के लिये पृथक-पृथक अस्थायी सुलभ शौचालय विपरीत दिशाओं में बनाये जाने का कार्य मुख्य नगरपालिका अधिकारी का सौंपा गया है। मेला स्थल में विद्युत व्यवस्था के लिये पर्याप्त स्टाफ, लाईन मैन एवं इंजीनियर 14 से 18 जनवरी तक रखे जाने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी शहडोल एवं कार्यपालन यंत्री मध्यप्रदेश विद्युत मण्डल शहडोल को दिये गये ।
मेले में लगने वाले झूलों में जंग एवं तकनीकी जांच की जायेगी
मेला स्थल में अनाधिकृत वाहन प्रवेष न हो तथा मेला परिसर में आने वाली सभी सड़कों पर यातायात की समुचित व्यवस्था पुलिस अधीक्षक शहडोल एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी शहडोल द्वारा की जायेगी। मेले में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हेतु टोंटी युक्त टेंकर, फायर ब्रिगेड, महिला पुरूष अलग-अलग सुलभ शौचालय एवं 13 जनवरी को रात्रि से पर्याप्त अलाव की व्यवस्था मुख्य नगरपालिका अधिकारी शहडोल द्वारा की जायेगी। मेला ग्राउण्ड में लगे स्विच का कन्ट्रोल एक हो, जिससे आम सूचना प्रसारण में व्यवधान न हो, माइक उद्घोषणा स्थल पर खोया-पाया की जानकारी हेतु एक पण्डाल बनाने, जिसमें गुमे हुये सामान एवं बच्चों की सूचना दी जाने एवं मेला परिसर में लगने वाली दुकानों एवं शासकीय विभागों की प्रदर्शनी में टीन शेड लगाने का दायित्व मुख्य नगरपालिका अधिकारी को सौंपा गया। मेले में लगने वाले झूलों में जंग एवं तकनीकी जांच हेतु अपर कलेक्टर शहडोल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहडोल, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग शहडोल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शहडोल एवं नगरपालिका अधिकारी शहडोल की संयुक्त दल द्वारा किया जायेगा।
5 दिवसीय मेले में रंगारंग का आयोजन किया जायेगा
मेले में ओरियन्ट पेपर मिल अमलाई, एस.ई.सी.एल. एवं रिलायन्स एवं अन्य स्वयंसेवी संस्थायें तथा विभागों की प्रदर्शनी 14 से 18 जनवरी तक लगाये जाने हेतु निर्धारित स्थलों पर स्टाल लगाये जाने हेतु मुख्य नगरपालिका अधिकारी शहडोल को निर्देश दिये गये। मेले में झूलों की व्यवस्था मेला मैदान के अन्दर किनारे पर होनी चाहिये जिससे कि आवागमन अवरूद्ध न हो इसकी जिम्मेदारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी को सौंपी गई है। मेले में अस्थायी टेलीफोन की व्यवस्था हेतु अनुविभागीय अधिकारी टेलीफोन को निर्देश दिये गये है। 5 दिवसीय मेले में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक किया जायेगा। कलेक्टर ने मेले स्थल की समुचित साफ-सफाई के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी शहडोल को दिये है। कलेक्टर द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी निर्देशित किया गया है कि वह चिकित्सा हेतु मेला स्थल में चिकित्सकों की ड्यूटी लगायें। बैठक में अपर कलेक्टर अशोक ओहरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुरेश अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सुश्री संध्या राय, आजाद बहादुर सिंह, नीरज द्विवेदी, राजेश्वर उदानियां, अब्दुल सत्तार खान, गिरधर प्रताप सिंह, प्रमोद जैन, हरेन्द्र मिश्र, सब्बीर खान, शानउल्ला खान, लालचंद कुन्दनानी एवं गणमान्य उपस्थित रहे।
