ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर गूंजा अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश
शहडोल। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद साहब की पैदाइश की याद में आज बुधवार को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मुस्लिम समाज द्वारा विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मस्जिदों और घरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा लोग एक-दूसरे को मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद दे रहे हैं।
ईद-ए-मिलाद-उन-नबी मुस्लिम समाज के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर है। इस दिन पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानवता, प्रेम, दया, भाईचारे तथा शांति के संदेश को याद किया जाता है।
विभिन्न स्थानों पर कुरआन की तिलावत, नात शरीफ और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। समाज के लोगों ने इस पवित्र अवसर पर आपसी प्रेम और सद्भाव बनाए रखने तथा जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुस्लिम समाज के लोगों ने देश और प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआ की।
