शहडोल। 80 वां स्वतंत्रता दिवस जिले में हर्षाेल्लास, उमंग एवं उत्साह के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह महात्मा गांधी स्टेडियम शहडोल में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया एवं राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण किया तथा परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के गायन से हुआ।
समारोह में कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने अनेकता में एकता के प्रतीक तीन रंगों के गुब्बारों को आकाश में मुक्त किया। विभिन्न सुरक्षा एवं अनुशासित बलों की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। विशेष शसस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल पुरूष, महिला पुलिस बल, होमगार्ड, शौर्या दल, वन विभाग, एनसीसी बालक-बालिका, स्काउट-गाइड, के दलों ने मार्च पास्ट में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
स्थानीय गांधी स्टेडियम में आयोजित 80वें स्वाधीनता समारोह में प्रदेश सरकार द्वारा प्रकाशित बदलते दौर का मध्यप्रदेश शहडोल जिले की विकास गाथा पुस्तिका का वितरण जनसम्पर्क विभाग के माध्यम से किया गया। जिसमें शहडोल जिले का गौरव पूर्ण इतिहास, क्षेत्रफल, प्रशासनिक संरचना, प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थल, कला संस्कृति एवं लोक जीवन, अधोसंरचना विकास, प्रदेश सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धि, शहरी विकास, ग्रामीण विकास, जल संचय, जन भागीदारी, कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य विकास, महिला सशक्तिकरण, वंचित वर्ग के कल्याण हेतु किए गए कार्य तथा युवा कल्याण, सुशासन, प्रमुख उपलब्धियां एवं नवाचार तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री जी द्वारा शहडोल जिले के भ्रमण से संबंधित जानकारियां शमिल हैं।
मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने कहा कि जिलेवासी भाइयों, बहनों एवं प्यारे बच्चों को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि आज घर-घर में तिरंगा लहरा रहा है, गली-गली में देशभक्ति के तराने गूंज रहे हैं और जन-जन के मन में देशप्रेम हिलोरे ले रहा है। धरती का कण-कण आजादी के उत्सव और उल्लास में डूबा हुआ है। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिलेभर में निकाली गई तिरंगा यात्राएं चिर युवा भारत और अजर-अमर स्वतंत्रता का जयघोष कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य और गर्व का विषय है कि भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आजादी के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित प्रयासों ने देश को नई दिशा दी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आजादी की 100वीं वर्षगांठ तक भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में संपूर्ण विश्व का पथ-प्रदर्शक बनेगा।
कलेक्टर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राष्ट्रनिर्माताओं को नमन करते हुए कहा कि आज का दिन केवल उत्सव का अवसर नहीं है, बल्कि उन असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और राष्ट्रनिर्माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है, जिन्होंने अपने त्याग, तप और बलिदान से हमें स्वतंत्र भारत का अमूल्य उपहार दिया।

