VYAPAM मामले पर BJP का कांग्रेस पर निशाना

VYAPAM मामले पर BJP का कांग्रेस पर निशाना


भोपाल(दीपक केवट) ।प्रदेश में सत्ता में परिवर्तन होने के बाद से व्यापम का मुद्दा गर्म है। इस मुद्दे पर अब बीजेपी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि, कांग्रेस जिन आरोपियों को व्यापम का मास्टरमाइंड बताती थी आज उन्हीं की मदद कर रही है और कई व्यापम के आरोपियों की मदद करने वालों को बड़े पदों पर भी बैठा रही है।
भाजपा प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा है कि, अब व्यापम के आरोपियों को छुड़ाने में वर्तमान सरकार मदद कर रही है। नवनियुक्त अतिरिक्त महाधिवक्ता अजय गुप्ता, शशांक शेखर व्यापमं के कई आरोपियों के वकील रहे और अभी भी कई आरोपियों की मदद कर रहे हैं। वहीं बीजेपी ने व्यापम को लेकर कांग्रेस को चेतावनी भी दी है कि, कांग्रेस ने इन मददगारों का खुलासा नहीं किया तो बीजेपी उनके नामों का खुलासा खुद करेगी।
बीजेपी प्रवक्ता रजनीश के अनुसार कांग्रेस ने तत्कालीन भाजपा सरकार को बदनाम करने की साजिश रची थी। जिसके तहत इन सारे लोगों को मोहरा बनाया गया। वहीं बीजेपी के आरोपों के बाद कांग्रेस ने भी पलटवार करते हुए कहा है कि, लक्ष्मीकांत शर्मा और सुधीर शर्मा जैसे बड़े आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। जिसके लिए जिम्मेदार तत्कालीन भाजपा सरकार है।
Previous Post Next Post