मादक द्रव्यों के अवैध व्यापार और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगायें
शहडोल। (दीपक केवट ) मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज मंत्रालय में गृह विभाग की बैठक में निर्देश दिये कि मादक द्रव्यों के अवैध व्यापार और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगायी जाये। रोकथाम की यह कार्रवाई सामयिक न होकर निरंतर रखी जाये। बैठक में मुख्य सचिव बी.पी. सिंह, प्रमुख सचिव गृह मलय श्रीवास्तव, पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव अशोक वर्णवाल उपस्थित थे। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बैठक में युवाओं में नशे की बढ़ती लत पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के स्पष्ट निर्देश दिये। नाथ ने कहा कि इसी के साथ सार्वजनिक स्थलों पर होने वाली अवैध गतिविधियों जैसे सट्टा, जुआ और अन्य गैर कानूनी गतिविधियों पर भी सख्ती से लगाम लगायी जाये। नागरिक भयमुक्त होकर रहें, यह हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
